उत्तराखण्ड
100 से अधिक हत्या करने वाला,,,, डॉक्टर डेथ।
नई दिल्ली। 100 से अधिक हत्याएं करने वाले डॉक्टर डेथ को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया। 1995 से 2004 के बीच आरोपी डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा उर्फ डॉक्टर डेथ (67) ने आयुर्वेदिक चिकित्सक होते हुए भी सीरियल किलिंग, अवैध किडनी प्रत्यारोपण रैकेट और हत्या जैसे कई जघन्य अपराधों को अंजाम दिया।
यूपी के अलीगढ़ का रहने वाला देवेंद्र शर्मा दौसा में आश्रम में पुजारी के वेश में छिपकर रह रहा था। उसके खिलाफ 21 हत्याओं के मामले में आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं। दिल्ली के सात मामलों में उसे उम्रकैद और गुरुग्राम के एक मामले में फांसी की सजाई सुनाई जा चुकी है। वर्ष 1998 से 2004 के बीच इसने 125 लोगों का अवैध रूप से डॉ. अमित के साथ मिलकर किडनी ट्रांसप्लांट भी करवाया।
2004 में देवेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी के बाद सीरियल किलिंग व किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा हुआ। 9 जून, 2023 को वह दो माह के लिए पैरोल पर बाहर आया था। इसके बाद उसने सरेंडर नहीं किया और तब से फरार चल रहा था। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने कहा, पूछताछ के दौरान आरोपी देवेंद्र ने बताया कि वर्ष 2020 में भी वह पैरोल लेकर गायब हो गया था। उस समय छह माह बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वापस जेल अधिकारियों के हवाले कर दिया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी देवेंद्र ने टैक्सी व ट्रक चालकों की हत्या करने के बाद उनके शवों को कासगंज की हजारा नहर में ले जाकर फेंक दिया था। पुलिस से बचने के लिए ऐसा किया जाता था, क्योंकि नहर में बड़ी संख्या में मौजूद मगरमच्छ शव को निगल जाते थे।











