उत्तर प्रदेश
गोमती नगर विस्तार में जश्न मैरिज लाॅन समेत 07 अवैध निर्माण सील।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सोमवार को गोमती नगर विस्तार, चिनहट व बी0बी0डी0 थानाक्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित जश्न मैरिज लाॅन समेत 07 अवैध निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि रोहित कुरिच व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के कौशलपुरी में खरगापुर रोड पर लगभग 2500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से जश्न मैरिज लाॅन का निर्माण कराया गया था। इसी तरह आर0के0 शुक्ला व अन्य द्वारा हासेमऊ में लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। मानकों के विपरीत किये गये उक्त निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में उक्त दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
जोनल अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त गोमती नगर विस्तार, चिनहट व बी0बी0डी0 थानाक्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान जयंत यादव, सर्वेश सिंह, प्रमोद, रतन अग्रवाल, अरविंद शर्मा, नेहा शर्मा, अविनाश सिंह व अन्य द्वारा किये जा रहे 05 अवैध निर्माणों को सील किया गया।
