देवभूमि दंगल
उत्तराखंड में चुनावी हलचल तेज, जनवरी के अंतिम सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता, मार्च के पहले सप्ताह में मतदान की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनावी तैयारियों के बीच चर्चा है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है, जबकि मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है।
यदि यह संभावित कार्यक्रम तय होता है तो जनवरी के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में चुनावी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। राजनीतिक दलों को उम्मीदवारों के चयन, चुनावी रणनीति, जनसभाओं और प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने के लिए समय सीमित रह जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, आचार संहिता लागू होने की संभावित तारीख 27 से 30 जनवरी 2027 के बीच बताई जा रही है, जबकि मतदान के लिए 5 से 10 मार्च 2027 का समय संभावित माना जा रहा है।
बोर्ड परीक्षाओं के चलते बदल सकता है चुनावी कार्यक्रम
चुनाव की तारीखों में संभावित बदलाव के पीछे बोर्ड परीक्षाओं को प्रमुख वजह माना जा रहा है। फरवरी और मार्च में सीबीएसई, आईसीएसई तथा उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। चुनाव के दौरान सरकारी स्कूलों को मतदान केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाता है और शिक्षकों की भी चुनाव ड्यूटी लगाई जाती है। ऐसे में परीक्षा और चुनाव दोनों व्यवस्थाओं के बीच तालमेल बैठाना जरूरी है।
70 विधानसभा सीटों पर होगा चुनाव
उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर वर्ष 2027 में चुनाव होना है। चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में टिकटों को लेकर दावेदारों की सक्रियता, राजनीतिक समीकरण और जनसंपर्क अभियान और तेज होने की उम्मीद है।
फिलहाल यह संभावित चुनावी कार्यक्रम है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ही आचार संहिता और मतदान की अंतिम तारीखों की पुष्टि होगी।





