उत्तर प्रदेश
नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की 248वीं स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक का आयोजन
लखनऊ:उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडलीय कार्यालय स्थित सभागार में आज नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (NRMU) की 248वीं स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक का शुभारम्भ मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा द्वारा किया गया। बैठक का उद्देश्य प्रशासन एवं यूनियन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कर्मचारी एवं प्रशासनिक मुद्दों का पारदर्शी एवं समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों के हित में रेल प्रशासन द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों एवं निर्णयों की जानकारी दी। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने लखनऊ ऐशबाग स्थित 1500 रेल आवासों के शीघ्र जीर्णोद्धार एवं मरम्मत, तथा लखनऊ, वाराणसी एवं सुलतानपुर स्टेशनों पर कार्यभार को देखते हुए अतिरिक्त पॉइंट्समैन की तैनाती सहित विभिन्न कर्मचारी हित संबंधी विषयों को प्रशासन के समक्ष रखा, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरिमा भट्टनागर द्वारा आयोजित इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह, सभी विभागाध्यक्ष, नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मंडल अध्यक्ष विभूति मिश्रा सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
