उत्तराखण्ड
आदि कैलास और ॐ पर्वत ने रचा नया कीर्तिमान, इस वर्ष उमड़ा रिकॉर्ड श्रद्धालुओं का सैलाब।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ स्थित आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के अद्भुत संगम आदि कैलास और ॐ पर्वत ने इस वर्ष श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। सीमांत क्षेत्र में स्थित इन धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, बताया जा रहा है कि 36 हजार लोगों ने पास बनाए है।जिससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिली है।

धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र बन चुके आदि कैलास और ॐ पर्वत की यात्रा को लेकर देश-विदेश से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मानसखंड मंदिर माला मिशन और बेहतर सड़क सुविधाओं के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने भी यात्रियों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री स्तर पर सीमांत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब साफ दिखाई देने लगा है। यात्रा मार्गों में सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और ठहरने की बेहतर व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार यात्रा सीजन ने क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में नई जान फूंक दी है। होटल व्यवसाय, होमस्टे, टैक्सी संचालन और स्थानीय व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिला है।
प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक शांति और धार्मिक महत्व के कारण आदि कैलास और ॐ पर्वत अब देश के प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में यहां श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ सकती है।
