नैनीताल
नैनीताल की मॉल रोड आज से ‘नो हॉन्किंग ज़ोन’, हॉर्न बजाने पर ₹1000 का चालान
नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन नगर नैनीताल को ध्वनि प्रदूषण से मुक्त और अधिक शांत बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार, 1 अगस्त से नैनीताल की ऐतिहासिक मॉल रोड को आधिकारिक रूप से ‘नो हॉन्किंग ज़ोन’ (हॉर्न मुक्त क्षेत्र) घोषित कर दिया गया है।
अब मॉल रोड पर किसी भी वाहन चालक द्वारा बिना आवश्यकता हॉर्न बजाने पर ₹1000 का चालान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य शहर के शांत वातावरण को बनाए रखना, पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करना तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
नैनीताल की मॉल रोड प्रतिदिन हजारों पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में लगातार बजने वाले हॉर्न से होने वाले शोर को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, इस फैसले को लेकर स्थानीय निवासियों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह कदम पर्यावरण और शहर की शांति के लिए सराहनीय है, जबकि कई स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहाड़ी और संकरी सड़क होने के कारण कई स्थानों पर दुर्घटना से बचने के लिए हॉर्न आवश्यक होता है। उनका मानना है कि आपातकालीन परिस्थितियों और ब्लाइंड मोड़ों पर इस नियम के व्यावहारिक पहलुओं पर भी विचार किया जाना चाहिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और अभियान की नियमित निगरानी भी की जाएगी।
यह पहल नैनीताल को एक शांत, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
