उत्तराखण्ड
सड़क किनारे गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप !
हल्द्वानी के समीप सड़क किनारे गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिर ताज़ा प्रतीत हो रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना कुछ ही समय पहले की है।
घटना की खबर मिलते ही कई हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद भीड़ ने नारेबाज़ी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। तत्पश्चात माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। महापौर गजराज बिष्ट, क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं तथा घटना स्थल की फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है।
वहीं प्रत्यक्षदर्शी सीमा कश्यप ने बताया कि उन्होंने गोवंश का कटा सिर छूकर देखा तो वह गर्म था, जिससे यह संभावना मजबूत होती है कि घटना हाल ही में हुई है। उनकी मानें तो सिर शिव मंदिर के निकट और घनी आबादी वाले क्षेत्र में फेंका गया था, जिससे स्थानीय लोग स्वाभाविक रूप से आक्रोशित हैं।
घटना की सूचना फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय निवासियों ने इलाके में पहली बार इस तरह की घटना होने पर चिंता जताई और प्रशासन से रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की।
समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर भीड़ बनी हुई थी और पुलिस सभी को शांतिपूर्वक घर लौटने की अपील कर रही थी
पुलिस का कहना है कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई है और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले को संवेदनशीलता से लिया जा रहा है तथा जल्द ही दोषियों का पता लगाया जाएगा।







