उत्तराखण्ड
उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. वरुण प्रताप सिंह भाकुनी ने हासिल की विधि में पीएचडी की उपाधि, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव

हल्द्वानी। उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. वरुण प्रताप सिंह भाकुनी ने विधि (लॉ) विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की से अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। उनका शोध आधुनिक युग में ‘राइट टू प्राइवेसी’ (निजता का अधिकार) जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक विषय पर केंद्रित रहा।
चार वर्षों की निरंतर मेहनत, लगन और शोध-साधना के बाद डॉ. भाकुनी ने शोध कार्य की अंतिम मौखिक परीक्षा (वाइवा) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। उनका शोध कार्य प्रोफेसर डॉ. नलनीश चंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ. वरुण भाकुनी ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी विकास और डिजिटल गतिविधियों के बढ़ते प्रभाव के बीच व्यक्ति की निजता का संरक्षण एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में निजता के अधिकार से जुड़े विषय पर किया गया यह शोध वर्तमान परिस्थितियों में महत्वपूर्ण और सार्थक योगदान साबित होगा।
डॉ. भाकुनी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने स्वर्गीय माता-पिता डॉ. भूपाल सिंह भाकुनी एवं चंद्रावती भाकुनी, विधि विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जे.एस.पी. श्रीवास्तव तथा अपनी पत्नी श्यामभावी भाकुनी को दिया। उन्होंने सभी के सहयोग, आशीर्वाद और प्रेरणा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उनकी इस उपलब्धि पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, डॉ. हिमानी भाकुनी सहित परिजनों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. वरुण प्रताप सिंह भाकुनी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।





