फिल्म
ऋषिकेश के रामा पैलेस में आज से लगी उत्तराखंडी फिल्म “तेरी माया”, पहले शो में उमड़ी दर्शकों की भीड़
ऋषिकेश। देहरादून में दर्शकों के अपार प्रेम और शानदार समर्थन के बाद बहुप्रतीक्षित उत्तराखंडी फिल्म “तेरी माया” अब ऋषिकेश के दर्शकों का दिल जीतने पहुंच चुकी है। आज से ऋषिकेश स्थित रामा पैलेस सिनेमा में फिल्म का प्रदर्शन शुरू हो गया है, जहां प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे इसका शो आयोजित किया जाएगा। फिल्म के पहले ही शो में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली, जिससे फिल्म के प्रति लोगों का उत्साह साफ नजर आया।
लगनी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म को देहरादून में दर्शकों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला। फिल्म की भावनात्मक कहानी, उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा है।
फिल्म “तेरी माया” केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि प्यार, त्याग, रिश्तों और पहाड़ की मिट्टी से जुड़ी संवेदनशील भावनाओं को पर्दे पर जीवंत करने का एक सशक्त प्रयास है। यह फिल्म दर्शकों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जोड़ने का संदेश देती है।

फिल्म को देखने पहुंचे भारतीय पत्रकार यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जोशी ने भी फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक भावनाओं को जिस खूबसूरती से फिल्म में प्रस्तुत किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ सिनेमाघरों में पहुंचकर इस फिल्म का आनंद लें और उत्तराखंडी सिनेमा को मजबूत करें।
फिल्म का निर्माण अवध नारायण प्रसाद द्वारा किया गया है, जबकि संजय सिंह नेगी ने इसका लेखन एवं निर्देशन किया है। फिल्म के छायांकन (DOP) की जिम्मेदारी मनोज सती ने निभाई है। संगीत निर्देशन रणजीत सिंह द्वारा किया गया है तथा गीत भी संजय सिंह नेगी ने लिखे हैं। संपादन दर्श चितरोड़ा एवं हेमंत चव्हाण ने किया है। मुख्य सहायक लेखक हेमचंद्र सिंह रावत एवं मुख्य सहायक निर्देशक जगतार सिंह कलवाना हैं। फिल्म के डांस मास्टर अरुण फरासी हैं।
फिल्म में अपनी आवाज देने वाले गायकों में साहब सिंह रमोला, आकांक्षा रमोला, सुरेश काला, अमित खरे, अंजली खरे एवं सविता पर्सवान शामिल हैं।

वहीं फिल्म में उत्तराखंड के कई प्रतिभाशाली कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं, जिनमें सावन गैरोला, भावना कांडपाल, साक्षी काला, पन्नू गुसाईं, नताशा शाह, मोहित घिल्डियाल, प्राची पंवार, सुमन गौड़, जसविक अरोरा, राजेश जोशी, अजय सिंह बिष्ट, सोहन सिंह गुसाईं, शूरवीर पंवार, दौलत राणा, वीरेंद्र सिंह भंडारी, अशोक नेगी, अमन रौतेला, यशवीर नेगी एवं आरुषि धनाई प्रमुख हैं।
फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक ने ऋषिकेश और आसपास के सभी दर्शकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ सिनेमाघर पहुंचकर फिल्म का आनंद लें और उत्तराखंडी फिल्मों को प्रोत्साहित करें।
“तेरी माया” — एक ऐसी कहानी, जो सिर्फ देखी नहीं… महसूस की जाती है।
