उत्तराखण्ड
नैनीताल में रेड अलर्ट: 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी अवकाश
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जनपद में 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम की गंभीर स्थिति और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 26 सितंबर, शनिवार को जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
भूस्खलन और तेज जलप्रवाह की आशंका
मौसम विभाग ने वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। इसके चलते नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने एहतियातन यह निर्णय लिया है।
आवासीय विद्यालयों को आदेश से रखा गया बाहर
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान एवं विद्यालय, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस अवकाश आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को नैनीताल में गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर रह सकता है।
